
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के सदर तहसील क्षेत्र के मरौंदा गांव में शारदा नहर का पानी कल्याणी नदी में छोड़े जाने से किसानों की सैकड़ों बीघा फसलें जलमग्न होकर बर्बाद हो गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कल्याणी नदी की वर्षों से खुदाई और सफाई न होने के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो गया है, जिससे पानी खेतों में भर गया और फसलें नष्ट हो गईं।मरौंदा सूचित से मरौंदा मझवारा तक नदी का पानी किसानों के खेतों में फैल गया, जिससे तरबूज, खरबूजा, उड़द, मूंग, भिंडी, तरोई, खीरा और लौकी जैसी कई फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। किसानों का कहना है कि उन्होंने मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन अचानक आए पानी ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन समय पर नदी की खुदाई और सफाई न होने के कारण हालात जस के तस बने रहते हैं। किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते नहर और नदी की सफाई होती तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर मुआवजा देने और कल्याणी नदी की खुदाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि फसलों के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।