
PARDARSHI VIKASH NEWS Manipur की लाइफलाइन माने जाने वाले नेशनल हाईवे-2 पर पिछले पांच दिनों से यातायात पूरी तरह ठप है। प्रधानमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र पर कार्रवाई न होने और सेनापति जिले से अगवा किए गए 14 कुकी नागरिकों को छुड़ाने में सरकार की विफलता के विरोध में यह बंद जारी है। कुकी इन्पी संगठन ने सोमवार को बंद की अवधि 48 घंटे और बढ़ा दी। हाईवे बंद होने के कारण सेनापति जिले के खोंग्नेम से टी. खुल्लेन के बीच एक हजार से ज्यादा ट्रक, बस और अन्य वाहन फंसे हुए हैं। वाहन चालकों, खलासियों और यात्रियों के पास खाने-पीने का सामान खत्म हो चुका है और कमजोर मोबाइल नेटवर्क के कारण वे अपने परिवारों से संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं। दूसरी ओर, सैकड़ों तेल और एलपीजी टैंकर रास्ते में फंसने से राज्य के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन संकट गहरा गया है। इस बीच N. Biren Singh से चर्च प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर नागा और कुकी समुदायों के बीच शांति बहाल करने के प्रयासों की जानकारी दी। सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी जिले के पहाड़ी इलाकों में बंधकों को छुड़ाने के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।