
PARDARSHI VKASH NEWS कानपुर। मलिन बस्ती महापंचायत और मलिन बस्ती विकास मंच, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मलिन बस्तियों में भूमाफियाओं के कथित बढ़ते आतंक और फर्जी व अवैध रजिस्ट्रियों पर रोक लगाने की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) द्वारा मलिन बस्ती अधिनियम के तहत चिन्हित 105 हातों की भूमि पहले से अधिग्रहित और संरक्षित है, जहां बाहरी व्यक्तियों के नाम पर रजिस्ट्री स्वीकार नहीं की जानी चाहिए। इसके बावजूद उपनिबंधक कार्यालय द्वारा नियमों की अनदेखी कर अवैध रजिस्ट्रियों को मंजूरी देने का आरोप लगाया गया है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इससे भूमाफियाओं को लाभ मिल रहा है और स्थानीय निवासियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। ज्ञापन में वर्ष 1988, 2005 और 2012 के सरकारी आदेशों का हवाला देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही गई है ताकि भविष्य में ऐसी रजिस्ट्रियों पर रोक लग सके।प्रदर्शन में कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
