news-details

मक्का के खेत में मिला दो दिन से लापता किसान का शव, जांच में जुटी पुलिस

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के भूलनपुर गांव में दो दिन से लापता किसान का शव शनिवार सुबह मक्के के खेत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।भूलनपुर निवासी 28 वर्षीय प्रवेश राजपूत पुत्र नवीन राजपूत गुरुवार सुबह मक्का काटने की बात कहकर मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।शनिवार सुबह प्रवेश का शव उनके चाचा स्वामी दयाल के मक्के के खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी सविता और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक की उम्र दो साल और दूसरे की महज सात माह है।घटना की जानकारी मिलने पर डायल-112 पुलिस, भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार, थाना प्रभारी राम सहाय सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की मोटरसाइकिल घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिली है, जबकि मोबाइल शव के पास बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।