
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मंगलवार सुबह आगरा के प्राचीन कैलाश महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी, माता-पिता के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की। सुबह करीब 6:30 बजे मंदिर पहुंचकर उन्होंने दुग्धाभिषेक किया और पिता का हाथ थामकर आरती में हिस्सा लिया। लगभग 45 मिनट तक मंदिर में रहकर उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।मंदिर परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पांच राज्यों में सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न होने के बाद वह परिवार के साथ आगरा आए हैं। उन्होंने बताया कि माता-पिता का आशीर्वाद लेने के बाद महादेव के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव भी पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएंगे और इसके लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से मतदाता पहचान पत्र बनवाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।मुख्य चुनाव आयुक्त सोमवार शाम दिल्ली से आगरा पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने विजय नगर स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचकर माता-पिता का आशीर्वाद लिया। उनके पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल से भी मुलाकात की। पूजा-अर्चना के बाद उनका मनकामेश्वर महादेव मंदिर जाने का कार्यक्रम भी रहा। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा गया।