news-details

महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

You can share this post!

 

उन्नाव। सफीपुर स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में बुधवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माई भारत एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सफीपुर थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने कहा कि इंटरनेट, सोशल मीडिया और डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के मामलों में भी लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने छात्रों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से बचने की अपील की।साइबर विशेषज्ञ रविन्द्र पाल ने विद्यार्थियों को ओटीपी स्कैम, यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी क्यूआर कोड को स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर माई भारत के मुख्य समन्वयक शाश्वत गुप्ता, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नूर अहमद, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रियम सिंह, निष्ठा गुप्ता और कुशाग्र गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।