
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। कोतवाली सफीपुर क्षेत्र के जामी सरायं मोहल्ले की एक महिला ने दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि उससे धोखाधड़ी कर जमीन के सौदे के नाम पर पैसे लिए गए और बाद में शारीरिक शोषण किया गया तथा जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।पीड़िता के अनुसार वह मूल रूप से ग्राम गहौली की निवासी है और अपने परिवार के साथ सफीपुर में रहकर रोजगार करती थी। आरोप है कि मोहल्ले के दो व्यक्तियों ने उसे जमीन खरीदने के बहाने संपर्क में लिया और करीब साढ़े चार लाख रुपये के लेन-देन के दौरान उससे ढाई लाख रुपये भी ले लिए गए।महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे प्रलोभन देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में जब उसने दबाव के आगे झुकने से इनकार किया तो उसका अस्थायी आवास और सामान हटा दिया गया, जिससे वह बेघर हो गई। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, सुरक्षा प्रदान करने और न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में लिया गया है और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।