
Pardarshi Vikas News Amethi
नगर में न्यायालय मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) ने एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। महिला पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुद को मृतक की पत्नी बताकर मुआवजा राशि हड़पने की कोशिश करने का आरोप है।जानकारी के अनुसार, गौराबीबीपुर निवासी सुनीता देवी (पत्नी अच्छेलाल) ने खुद को स्वर्गीय रामजीत वर्मा की पत्नी बताते हुए न्यायालय में दो अलग-अलग क्लेम याचिकाएं (संख्या 479/2024 और 480/2024) दाखिल की थीं। इन याचिकाओं में सुनीता देवी ने फर्जी आधार कार्ड, निर्वाचन पहचान पत्र और दाखिल-खारिज की प्रतियों का इस्तेमाल किया था।न्यायालय मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने जब इन दस्तावेजों की जांच की, तो पाया कि सुनीता देवी ने अवैध रूप से मुआवजा राशि प्राप्त करने के लिए जाली दस्तावेज तैयार किए थे। कोर्ट ने इसे एक गंभीर धोखाधड़ी मानते हुए सुनीता देवी द्वारा दायर दोनों वाद खारिज कर दिए।न्यायालय के 29 जनवरी के आदेश के अनुपालन में, पेशकार हरिराम यादव ने कोतवाली नगर सुल्तानपुर में तहरीर दी। इस तहरीर के आधार पर आरोपी महिला के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।