
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी ने बुधवार को जनपद कुशीनगर में महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जनसुनवाई, आंगनबाड़ी केंद्र, वृद्धाश्रम और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।सबसे पहले उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा का निरीक्षण किया। अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने की शिकायत मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मशीन को शीघ्र ठीक कराने तथा मरीजों को अस्पताल में ही सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लेबर रूम, ऑपरेशन कक्ष, पीकू वार्ड और दवा वितरण केंद्र का भी जायजा लिया।इसके बाद तहसील सभागार हाटा में आयोजित महिला जनसुनवाई में 23 मामलों की सुनवाई की गई। उन्होंने संबंधित विभागों को सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।प्राथमिक विद्यालय हाटा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने वृद्धाश्रम कसया पहुंचकर वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनके साथ बैठकर भोजन किया। उनके इस व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की।दौरे के अंतिम चरण में वन स्टॉप सेंटर कुशीनगर का निरीक्षण किया गया, जहां 10 पीड़ित महिलाएं मौजूद मिलीं। सदस्य ने उनसे संवाद कर उचित काउंसलिंग एवं पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेंटर की व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी, महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के माध्यम से महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश दिया गया।