
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर लॉयर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी में महिला अधिवक्ताओं के लिए 30 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मांग उठाने वाली वरिष्ठ अधिवक्ता सरोज उपाध्याय को उनके प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। महिला अधिवक्ताओं ने उन्हें पटका पहनाकर सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूजा गुप्ता ने कहा कि महिला अधिवक्ता लंबे समय से लॉयर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी में 30 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मांग कर रही थीं। सरोज उपाध्याय ने इस मुद्दे पर पहल करते हुए पहले एल्डर कमेटी और फिर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। इसके बाद एसोसिएशन ने मांग पर संज्ञान लेते हुए आरक्षण की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने कहा कि सरोज उपाध्याय के प्रयास महिला अधिवक्ताओं के प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।गायत्री मिश्र ने कहा कि सरोज उपाध्याय ने उत्तर प्रदेश राज्य विधिज्ञ परिषद का चुनाव मजबूती से लड़कर महिला अधिवक्ताओं को राजनीति में आगे आने के लिए प्रेरित किया है। वह लगातार अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं। लॉयर्स एसोसिएशन में महिला आरक्षण की मांग को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए उनका सम्मान किया गया।कार्यक्रम में लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पंडित रवीन्द्र शर्मा, वंदना सैनी, अंजू गुप्ता, सौरभ सैनी, ज्योति त्रिपाठी, प्रीति पटेल और मनु सविता सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।