
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बढ़ती महंगाई के विरोध में शुक्रवार को कानपुर दक्षिण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने खच्चर पर बैठकर और हाथों में पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा गया।शास्त्री चौक पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। ढोलक-मंजीरे के साथ कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ नारे लगाए और आम जनता पर बढ़ती कीमतों के प्रभाव को उजागर किया। प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों से संबंधित पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। विरोध के प्रतीक के रूप में एक कार्यकर्ता केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का पोस्टर लेकर खच्चर पर बैठा नजर आया। एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही। उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस महंगाई को भाजपा पहले बड़ा मुद्दा बनाती थी, आज उसी पर चुप्पी साधे हुए है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण आम परिवारों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। कई परिवारों के लिए गैस सिलेंडर भरवाना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने नीट पेपर लीक जैसे मामलों का भी मुद्दा उठाया। विकास अवस्थी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। इससे छात्रों का मनोबल टूटता है और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगते हैं।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर आम जनता महंगे ईंधन का बोझ झेल रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार जनता को राहत देने में विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और व्यापक आंदोलन करेगी।प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी, जेपी पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।