
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया (कुशीनगर)। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर के शहीद अमीय चौक से तहसील सभागार तक पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।तहसील सभागार में आयोजित सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार कसया को सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता संतोष कुमार यादव ने किया।ज्ञापन में सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता, युवा और छात्र गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पार्टी का कहना है कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में असफल साबित हुई है।सभा को संबोधित करते हुए संतोष यादव ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित भर्तियों को शीघ्र पूरा करने तथा सभी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही रोजगार मिलने तक बेरोजगार युवाओं को सम्मानजनक बेरोजगारी भत्ता देने की भी मांग उठाई।सपा कार्यकर्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में कहा गया कि नीट समेत कई परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी ने पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी सपा नेताओं ने सरकार को घेरा। उनका कहना था कि महिलाओं, व्यापारियों और कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर जनहित में प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।प्रदर्शन के दौरान परवेज आलम, गिरजेश यादव, कुंदन यादव, शिवम यादव, साबिर अली, निलेश यादव, विजय यादव, वीरेंद्र यादव, लालबहादुर, शिवदत्त, मुनकाद अली, बृजेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।