
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। शनिवार को बढ़ती महंगाई, अघोषित बिजली कटौती, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय गौरीगंज में जोरदार प्रदर्शन किया है। सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के नेतृत्व में हज़ारों कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी राम केवल त्रिपाठी को सौंपा।ज्ञापन में आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण, बिजली व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।सपा नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैंसपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने में विफल रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्थाओं से परेशान है तथा सरकार जनसमस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।सपा नेता सिंधुजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली और खाद्य पदार्थों की कीमतों में हो रही वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं। सरकार को जनता को राहत देने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।अमेठी विधानसभा अध्यक्ष मनीराम वर्मा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। लाखों अभ्यर्थी वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक माफियाओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।सरकार को पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए ऐसी घटनाओं पर स्थायी रोक लगाने के लिए मजबूत और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करनी चाहिएइस अवसर पर जिला महामंत्री अरशद अहमद, एडवोकेट मोहम्मद नईम, पूर्व मंत्री नदीम अशरफ जायसी, गुलशेर, इंद्र कुमार पाठक, मुजीब, विक्रम सिंह राजा, राम सिंह यादव, संग्राम सिंह, शिव प्रताप यादव, चंद्रशेखर यादव, राम प्रसाद यादव, सोनू अंसारी सहित सभी ब्लॉक अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।