
Pardarshi Vikas News Hamirpur
मौदहा कस्बे में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी लंबे समय से बंद होने और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार देर शाम जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) ने गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एजेंसी परिसर में अव्यवस्था मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और संचालक को कड़ी फटकार लगाई।
डीएसओ ने मौके पर लाइन में खड़े उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उपभोक्ताओं ने बताया कि होम डिलीवरी बंद होने से उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और कामकाजी लोगों को काफी दिक्कत होती है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएसओ ने एजेंसी संचालक को व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
अधिकारी ने साफ कहा कि लाइन आधारित वितरण प्रणाली तुरंत समाप्त की जाए और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी शुरू कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आदेशों का पालन नहीं हुआ तो एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, कोतवाली प्रभारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रिकॉर्ड, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ता सुविधाओं की भी जांच की।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि होम डिलीवरी व्यवस्था फिर से सुचारु हो जाती है तो उन्हें बड़ी सुविधा मिलेगी और अनावश्यक भीड़भाड़ से भी छुटकारा मिलेगा।