
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को नैमिषारण्य भवन में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के बाद यदि किसी नेता ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग से लखनऊ जल्द ही स्वच्छता रैंकिंग में इंदौर को भी पीछे छोड़ सकता है। सुरेश खन्ना ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश की जीवनशैली और सोच में बड़ा बदलाव किया है। आज स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप 21 जून को पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाती है।कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सॉइल हेल्थ कार्ड, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि देश के करोड़ों किसान किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं और एमएसपी में लगातार बढ़ोतरी से किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास किया गया है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं निवेश और रोजगार के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के बाद लखनऊ में 58,300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 28,900 करोड़ रुपये के निवेश वाली 210 इकाइयां संचालन शुरू कर चुकी हैं। इससे लगभग 37,500 लोगों को रोजगार मिला है।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।