
Pardarshi Vikas News Gonda
खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचे। यहां उन्होंने गल्ला मंडी में स्थापित गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को किसानों से तेज गति से खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की, इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों को बेचने के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेचें, क्योंकि बाजार भाव वर्तमान में एमएसपी से कम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 6000 क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
डीजल, पेट्रोल और गैस आपूर्ति पर मंत्री ने कहा कि देश में किसी प्रकार की कमी नहीं है। भारत अब कई देशों से ईंधन आयात कर रहा है और रिजर्व स्टॉक भी पहले से अधिक है। गैस सिलेंडर उपलब्धता के लिए जिलाधिकारियों और एसडीएम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर मंत्री ने कहा कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जिससे उन्हें नई ताकत और भागीदारी मिलेगी।