
Pardarshi Vikas News Kushinagar
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने आज कुशीनगर में निर्माणाधीन महात्मा गौतम बुद्ध कृषि एवं कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र से नामांकन प्रक्रिया शुरू की जा सके।
मंत्री ने अब तक प्राप्त बजट और व्यय की समीक्षा करते हुए कहा कि सितंबर माह तक हर हाल में एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास, मुख्य द्वार और कक्षाओं सहित सभी आवश्यक निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की उन्नति के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी जाएगी, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। यहां से शिक्षित विद्यार्थी भी किसानों को नई तकनीकों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने मिट्टी की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देते हुए बताया कि अप्रैल माह में एक विशेष अभियान चलाकर किसानों को मिट्टी परीक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे फसल की उत्पादकता में सुधार हो सके।
मंत्री ने ‘फॉर्मर रजिस्ट्री’ पर जोर देते हुए कहा कि सभी ग्राम सभाओं में शिविर लगाकर किसानों के मोबाइल नंबर और आधार नंबर का पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 3 करोड़ 12 लाख किसान किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। जिन किसानों ने अभी तक रजिस्ट्री नहीं कराई है, उन्हें योजना का लाभ तभी मिलेगा जब उनका पंजीकरण पूरा होगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि सभी प्रकार के कृषि अनुदान अब फॉर्मर रजिस्ट्री से जोड़े जा रहे हैं, इसलिए सभी किसान जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।