मिशन शक्ति के तहत एनसीसी कैडेट्स ने संभाली यातायात व्यवस्था
पारदर्शी विकास न्यूज़ पडरौना। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मंगलवार को पडरौना में यातायात पुलिस ने एनसीसी कैडेट्स और महिला पुलिसकर्मियों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया। बड़ी नहर, सुभाष चौक और बावली चौक पर कैडेट्स ने यातायात संचालन में सहयोग किया और लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में आयोजित अभियान में हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात संकेतों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।अभियान में यातायात निरीक्षक अश्वनी कुमार, टीएसआई मुकुंदचंद, एचसीटीपी अशोक यादव, अनिल यादव, अजीमुल्लाह खान और सीटीपी सोनू पांडेय शामिल रहे। महिला थाना प्रभारी चंदा यादव के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों ने भी सहभागिता की। एनसीसी पडरौना के अधिकारी दीपक सिंह, जीसीआई धनु गुप्ता और 50 यूपी बटालियन के कैडेट्स ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने में योगदान दिया।पुलिस ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता और जागरूकता से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।