
PARDARSHI VIKASH NEWS पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण और शहरी इलाकों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही यूपीकॉप ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और अपराध के प्रति जागरूक बनाना है। साथ ही महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं को दें।