
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण अभियान के तहत कुशीनगर पुलिस ने जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को जागरूक किया।अभियान के दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल की जानकारी साझा की गई। एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास का संचार करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इसी लक्ष्य के तहत जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं बिना किसी भय के अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें और समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें।