
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण अभियान के तहत कुशीनगर पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में जनपद के सभी थानों द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।अभियान के दौरान सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, छात्राओं और आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों से अवगत कराया। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों की जानकारी तथा आत्मरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।जागरूकता कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराधों की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन और साइबर पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की उत्पीड़न, छेड़छाड़ या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की।कार्यक्रम के अंतर्गत एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं, बालिकाओं और स्कूली छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग का यह अभियान महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।