
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, विद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा संकट की स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जागरूकता पंपलेट वितरित कर उन्हें सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की घटना होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराधों की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने कहा कि इन सेवाओं का समय पर उपयोग कर महिलाएं और बालिकाएं अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में महिला सम्मान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अभियान के दौरान लोगों से महिला सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की।