
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। साइबर थाना में जूनियर अधिकारी के अधीन तैनाती को लेकर गुरुवार को पुलिस विभाग में विवाद सामने आ गया। साइबर थाने में तैनात इंस्पेक्टर विनय शर्मा ने डीसीपी क्राइम कार्यालय पहुंचकर अपना प्रार्थना पत्र सौंपते हुए तैनाती व्यवस्था पर आपत्ति जताई। उनके अनुसार वर्तमान थाना प्रभारी उनसे जूनियर बैच के अधिकारी हैं, जबकि नियमों के अनुसार वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती समान स्तर या वरिष्ठ अधिकारी के अधीन होनी चाहिए।इंस्पेक्टर विनय शर्मा ने कहा कि उन्हें काम करने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन प्रशासनिक अनुशासन और नियमावली का पालन जरूरी है। उनका कहना था कि कई बार उन्हें ही वरिष्ठता के आधार पर कार्य संबंधी बातें समझानी पड़ती हैं, जिससे कार्य व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने मांग की कि उन्हें पहले की तरह क्राइम ब्रांच में ही तैनात रखा जाए।मामले के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों में हलचल बढ़ गई। डीसीपी क्राइम ने बताया कि प्रकरण की जांच एडीसीपी क्राइम को सौंपी गई है और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।इसी बीच साइबर थाने में तैनात एक अन्य इंस्पेक्टर राजेश शर्मा ने भी प्रार्थना पत्र देकर खुद को वहां से हटाने और क्राइम ब्रांच से संबद्ध करने की मांग की है। उन्होंने भी जूनियर अधिकारी के अधीन तैनाती को कारण बताया है।इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस विभाग में ट्रांसफर और पोस्टिंग व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विभाग के भीतर चर्चा है कि कई स्थानों पर जूनियर अधिकारियों को प्रभारी बनाए जाने से वरिष्ठ कर्मियों में असंतोष बढ़ रहा है।