news-details

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, महाराष्ट्र से लेकर पूर्वोत्तर तक तेजी से बढ़ा आगे

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS देश में मानसून ने अब तेजी से अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र के समुद्र तटीय शहर देवगढ़ तक मानसून पहुंच चुका है और मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में यह पूरे महाराष्ट्र को कवर कर सकता है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर के मिजोरम और मणिपुर में भी मानसून की एंट्री हो चुकी है।भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों में मानसून कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पूर्वोत्तर के बाकी हिस्सों तक पहुंच सकता है। केरल, कर्नाटक, गोवा और तमिलनाडु में पहले से ही भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।हालांकि दूसरी तरफ, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में लगातार पांचवें दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे गर्मी का असर भी बना हुआ है। उत्तर भारत के कई राज्यों—पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में एक बार फिर तेज गर्मी और लू का दौर शुरू हो गया है।प्री-मानसून गतिविधियों के तहत देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड और ओडिशा सहित कई राज्यों में तेज हवाएं, आंधी और बारिश देखने को मिली। बीकानेर में ओले गिरे, जबकि भोपाल सहित एमपी के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलीं।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून ने शुरुआत में थोड़ी देरी के बाद अब रफ्तार पकड़ ली है और अगले 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में मजबूत सिस्टम सक्रिय न होने के कारण कुछ क्षेत्रों में इसकी गति धीमी रह सकती है।इधर, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश के कारण पेड़ गिरने और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया है।