
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा के राज्य मुख्यालय सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और सांसद अक्षय यादव ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राज पुरोहित पंडित हरि प्रसाद मिश्रा ने वैदिक मंत्रों के साथ शांतिपाठ कराया। पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पांडेय और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक योगदान और समाजवादी विचारधारा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।