
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारतीय संस्कृति, सेवा, आध्यात्मिकता और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला (एचएसएसएफ) का आयोजन 26 से 30 नवंबर 2026 तक चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के स्टेडियम ग्राउंड में किया जाएगा। मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं और विभिन्न समितियों का गठन कर आयोजन को भव्य स्वरूप देने की योजना बनाई जा रही है।आयोजकों के अनुसार मेले का मुख्य उद्देश्य समाज में पारिवारिक एवं मानवीय मूल्यों का संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, वन एवं वन्य जीवों के प्रति जागरूकता, पारिस्थितिकी संतुलन और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। मेले के माध्यम से देशभर में सेवा कार्य कर रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठनों को एक साझा मंच भी उपलब्ध कराया जाएगा।हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत वर्ष 2009 में चेन्नई से हुई थी। तब से देश के विभिन्न राज्यों में 36 से अधिक सेवा मेलों का आयोजन किया जा चुका है, जिन्हें करोड़ों लोगों ने देखा और सराहा है। कानपुर में आयोजित होने वाला यह मेला उत्तर भारत के प्रमुख आयोजनों में शामिल होगा।मेले में आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा संचालित सेवा परियोजनाओं की विशाल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही कन्या वंदन, मातृ-पितृ वंदन, आचार्य वंदन और अतिथि वंदन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए गंगा अवतरणम्, स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग सेवा महोत्सव, युवाओं के लिए भजन जैमिंग, महिलाओं के सम्मान के लिए रानी लक्ष्मीबाई नाट्य मंचन तथा देशभक्ति जागरण हेतु परमवीर चक्र विजेताओं का सम्मान भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।आयोजन समिति से जुड़े अमर नाथ जी,एम डी द्विवेदी, बालेन्द्र जी, आदित्य पोद्दार जी, संजीव दीक्षित जी, आशीष चौहान, प्रवीन जी समेत कई कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।आयोजकों ने बताया कि मेले के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से आयोजन में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।
