
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगला चंदन गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 2 वर्षीय मासूम रियांश की मौत हो गई। वह अपने ननिहाल में खेल रहा था, तभी दूध लेने आई एक मिल्क वैन की चपेट में आ गया। हादसे में वाहन का पहिया बच्चे के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।रियांश अपनी मां शिवानी के साथ करीब एक महीने से ननिहाल में रह रहा था। घटना के बाद चालक ने तुरंत वाहन रोका और बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और हंगामा शुरू हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया। परिजनों और पुलिस के बीच करीब ढाई घंटे तक बहस और नोकझोंक होती रही। परिजन बच्चे के पिता के आने तक पोस्टमार्टम न कराने की मांग कर रहे थे। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने मिल्क वैन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। नवाबगंज पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम का माहौल है और मां शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है।