news-details

मिल्कीपुर में ठप पड़े आरआरसी सेंटर, लाखों की लागत से बने केंद्र बने शोपीस

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के मिल्कीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत गोठवारा समेत कई गांवों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र (आरआरसी) बदहाल स्थिति में हैं। लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए ये केंद्र आज उपयोग के अभाव में शोपीस बनकर रह गए हैं, जिससे गांवों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। गोठवारा स्थित आरआरसी केंद्र का टीन शेड क्षतिग्रस्त हो चुका है और केंद्र के आसपास घास व झाड़ियां उग आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र का संचालन कभी प्रभावी ढंग से शुरू ही नहीं हो सका। प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर एक लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे। योजना का उद्देश्य गीले और सूखे कचरे का पृथक निस्तारण कर जैविक खाद तैयार करना तथा प्लास्टिक जैसे कचरे को पुनर्चक्रण के लिए भेजना था, जिससे ग्राम पंचायतों की आय भी बढ़ सके।मिल्कीपुर ब्लॉक के कुछ गांवों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर आरआरसी केंद्र अभी तक संचालित नहीं हो पाए हैं। इसके चलते कचरा निस्तारण की व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है और योजना अपने उद्देश्य से भटक गई है। मुकेश यादव, निरंजन, धर्मराज यादव, सुखदेव यादव, विपिन यादव, लालमणि, रंगनाथ, देव बहादुर, सुरेश और रमेश सहित कई ग्रामीणों ने इस पर चिंता जताई है। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कि हाल ही में आई आंधी से टीन शेड क्षतिग्रस्त हुआ था और इसकी मरम्मत जल्द कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र को फिर से संचालित कर ग्रामीणों को स्वच्छता योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।