
Pardarshi Vikas News Mathura
मथुरा। ब्रज क्षेत्र में पर्यटन को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में प्रयास तेज होते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में विवांता ताज होटल और बृजवासी मिठाई ग्रुप के मालिक राजीव अग्रवाल तथा उनके पुत्र पुलकित अग्रवाल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान ब्रज क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और निवेश को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में उद्योगपतियों ने प्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के चलते वृन्दावन में पर्यटन उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि अनुकूल वातावरण के कारण क्षेत्र में फाइव स्टार होटल और उच्च स्तरीय सेवाओं का विस्तार संभव हो पाया है।
राजीव अग्रवाल ने कहा कि सरकार की सकारात्मक नीतियों के चलते निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और ब्रज क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट्स तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। वहीं पुलकित अग्रवाल ने ग्रुप की आगामी योजनाओं और संभावित निवेश के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश को और बढ़ाने तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्रज को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
बैठक में पर्यटन और निवेश से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें ब्रज क्षेत्र के पर्यटन और आर्थिक विकास को नई दिशा देने के लिए सहयोग की प्रतिबद्धता जताई गई।