
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत फरीदीपुर स्थित केएनआईटी परिसर में आयोजित दो दिवसीय सामूहिक विवाह समारोह का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में कुल 539 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 532 हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह तथा 7 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ विधायक विनोद सिंह और विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित दंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत नवविवाहित दंपतियों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। समारोह के अंत में सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।