
PARDARSHI VIKASH NEWSबिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी अस्पताल के ICU में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मरीज झुलस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात करीब 3 बजे शॉर्ट सर्किट के बाद ICU में लगे एयर कंडीशनर में विस्फोट हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई। ICU अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई हुई।सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकलकर्मियों ने ICU और अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को खिड़कियां व दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला। मृतकों में गीता देवी, चंचला कुमारी, उदय कुमार और शशांक कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके से गायब हो गया और मरीजों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया। कई परिजन अपने परिजनों को स्ट्रेचर पर लेकर अस्पताल से बाहर निकालते दिखाई दिए। वहीं ICU में भर्ती 93 वर्षीय राधा देवी ने बताया कि धुआं उठते देख उन्होंने स्वयं ऑक्सीजन मास्क हटाया और नीचे जाकर गार्ड को आग लगने की सूचना दी।हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। आग लगने के कारणों और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।