
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले में करोड़ों रुपये की लागत से बने मैजापुर रेलवे स्टेशन का पहुंच मार्ग जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर पानी भर जाता है, जिससे यात्रियों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। आधुनिक सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशन के निर्माण के बावजूद जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहता है। बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं तथा लोगों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर स्टेशन तक पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि मानसून से पहले नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यात्रियों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। लोगों ने रेलवे और स्थानीय प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पहुंच मार्ग को जलभराव मुक्त बनाने की मांग की है।