news-details

मेजा में किसानों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की पहल, 50 गोबर गैस प्लांट लगेंगे

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS मेजा विकास खंड में नवाचारी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) और जनसुनवाई फाउंडेशन मिलकर ग्रामीण किसानों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इस पहल के तहत जुलाई तक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 गोबर गैस प्लांट लगाए जाएंगे।जनसुनवाई फाउंडेशन के जनपद समन्वयक विवेक सिंह “रानू” ने बताया कि इन प्लांटों की मदद से किसानों को घरेलू ऊर्जा का विकल्प मिलेगा और ग्रामीण स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। एक प्लांट की लागत लगभग 15,000 रुपये बताई गई है, जिसे किसानों के लिए किफायती माना जा रहा है।इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गोबर आधारित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करना है। संस्था के अनुसार, पहले भी शासन स्तर पर गोबर गैस प्लांट योजना शुरू की गई थी, लेकिन उपयोग में कमी के कारण यह अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो सकी थी। अब ऊर्जा संसाधनों की जरूरत और जागरूकता बढ़ने से किसानों में इसके प्रति रुचि बढ़ी है।कंपनी के संचालक सदस्य श्याम कृष्ण पांडेय ने बताया कि उन्होंने कोरोना काल में अपने स्तर पर गोबर गैस प्लांट लगवाया था, जो आज भी घर की ऊर्जा जरूरतें पूरी कर रहा है और लंबे समय से उपयोग में है।भइयां गांव निवासी किसान कमलेश प्रसाद मिश्र ने भी अपने घर में गोबर गैस प्लांट लगवाया है। उनका कहना है कि इससे रसोई गैस पर निर्भरता कम हुई है और यह ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी विकल्प है।एफपीओ और जनसुनवाई फाउंडेशन की टीमें लगातार गांव-गांव जाकर किसानों को इस तकनीक के लाभों के बारे में जागरूक कर रही हैं और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास कर रही हैं।