news-details

मेजा के स्कूल में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को मॉकड्रिल से दी ट्रेनिंग

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Prayagraj

मेजा क्षेत्र के रामनगर स्थित वीआर पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को आग से बचाव और आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और विद्यालय स्टाफ को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित रहने और त्वरित बचाव उपायों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का संचालन अग्निशमन विभाग की टीम ने एफएस प्रभारी सियाशरण के नेतृत्व में किया। इसमें विद्यालय के करीब 250 छात्र-छात्राओं और समस्त स्टाफ ने भाग लिया। शुरुआत जागरूकता व्याख्यान से हुई, जिसमें आग लगने के कारण, सुरक्षा उपाय और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई।

अग्निशमन टीम ने बताया कि घरों और स्कूलों में छोटी लापरवाहियां बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। छात्रों को विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, गैस सिलेंडर से सावधानी बरतने और आग लगने पर घबराने के बजाय संयम रखने की सीख दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मॉकड्रिल रही, जिसमें घरेलू गैस सिलेंडर में लगी आग बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया गया। छात्रों और स्टाफ को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस दौरान ‘आग से बचाव और रोकथाम’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। एफएस प्रभारी सियाशरण ने कहा कि जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।