
PARDARSHI VIKASH NEWS मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक वैन में किए गए विस्फोट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बड़नगर के अडान मोहल्ले से निकले मोहर्रम जुलूस में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की सहायता से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया था। वैन की छत पर खड़े दो युवक लाल झंडे लहराते दिखाई दिए, जिसके कुछ समय बाद वैन में विस्फोट कर दिया गया।वायरल वीडियो में मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि जिस वैन में विस्फोट किया गया, उस पर “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था। घटना के वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए हैं। मामले को लेकर कुछ सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने आपत्ति जताई है तथा प्रशासन से इसकी अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद आयोजकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।