
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर में मुगल रोड पर ब्लॉक के पास ओवरटेक करने के प्रयास में एक ऑटो ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, ऑटो गांव से सवारियां लेकर घाटमपुर की ओर जा रहा था। मुगल रोड पर ब्लॉक के पास चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान जगह नहीं मिलने पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।पुलिस और राहगीरों ने घायलों को ऑटो से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल बुजुर्ग महिला को परिजन निजी अस्पताल ले गए। घायलों में बदले सिमनापुर निवासी हरिराम (32), पुत्र भोला प्रसाद और सनद (35), पुत्र वीरेंद्र सिंह भी शामिल हैं।घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे की सूचना मिली थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।