
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़े ऐलान किए। विधानसभा मार्ग स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर प्रदेश में कक्षा 1 से 12 तक समान और मुफ्त शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि एमबीबीएस की पढ़ाई मात्र 1 रुपये में कराई जाएगी, जबकि इंजीनियरिंग और वकालत की शिक्षा पूरी तरह निशुल्क होगी।चंद्रशेखर ने कहा कि पूरे प्रदेश में दवा और इलाज मुफ्त किया जाएगा। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को प्रमोशन में आरक्षण दिया जाएगा, जबकि अति पिछड़ी जातियों के लिए 15 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण और महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा।उन्होंने पेपर लीक को संगठित अपराध बताते हुए इसके लिए हत्या जैसे मामलों की तरह कठोर सजा की मांग की। साथ ही प्रतियोगी छात्रों के लिए मुफ्त प्रवेश परीक्षा और होम सेंटर व्यवस्था की वकालत की।इस मौके पर उन्होंने 4 जून से बिजनौर से ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा संविधान, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों के मुद्दों को लेकर पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी।