
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। श्री आसलदेव इंटर कॉलेज, पीपरपुर में अमेठी मैराथन 2026 के पुरस्कार वितरण समारोह में ओलंपियन सुधा सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर पंकज सिंह, एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता सलमान खान और राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी रुचि सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अमीता सिंह ने की, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह मुख्य संरक्षक एवं मार्गदर्शक रहे। जिलाधिकारी शशांक चौधरी मुख्य अतिथि और एसपी सरवणन टी. विशिष्ट अतिथि रहे। डॉ. अमीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ विजन और मुख्यमंत्री योगी की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ नीति से देश-प्रदेश में खेलों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि अमेठी के गांवों से प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें उचित मंच देना उनका प्रयास है। डॉ. संजय सिंह ने कहा कि अमेठी की धरती ने देश को कई प्रतिभाएं दी हैं और ग्रामीण युवाओं को अवसर देने की जरूरत है। सुधा सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम से ही सफलता मिलती है और अमेठी मैराथन जैसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। डीएम ने खेल को अनुशासन का माध्यम बताया। एसपी ने कहा कि 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने वाला हर खिलाड़ी विजेता है। पुरुष वर्ग में दीपक पाल और महिला वर्ग में फूलन पाल प्रथम रहीं। दोनों को 51-51 हजार रुपये पुरस्कार दिया गया। अन्य विजेताओं को भी पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र दिए गए।
जन्मदिन पर डॉ. अमीता सिंह को बधाई
चार अक्टूबर को डॉ. अमीता सिंह के जन्मदिन पर राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई देते हुए स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।