
Pardarshi Vikas News Prayagraj
मांडा थाना परिसर में महीने के अंतिम शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नायब तहसीलदार यमुना प्रसाद वर्मा ने की, जबकि संचालन मांडा इंस्पेक्टर अनिल कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुआ। समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और मौके पर ही उनके निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस दौरान राजस्व विभाग से संबंधित दो महत्वपूर्ण प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। दोनों शिकायतें ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने से जुड़ी थीं। खुरमा ग्राम प्रधान समर बहादुर और सुरवादलापुर ग्राम प्रधान सत्य नारायण पटेल ने आवेदन प्रस्तुत कर गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र हेतु जमीन उपलब्ध कराने की मांग की।
नायब तहसीलदार यमुना प्रसाद वर्मा ने दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व टीम के साथ दोपहर करीब दो बजे संबंधित स्थलों के निरीक्षण और निस्तारण के लिए प्रस्थान किया। अधिकारियों का उद्देश्य था कि आवश्यक भूमि चिन्हित कर जल्द से जल्द आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और महिलाओं के पोषण, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए भूमि संबंधी विवादों और बाधाओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
समाधान दिवस के दौरान नायब तहसीलदार ने अवैध अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं मांडा इंस्पेक्टर अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि राजस्व और सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
कार्यक्रम में चौकी प्रभारी दिघिया विक्की कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक आमिर खान उस्मानी, शिव कुमार गोयल, चंद्रपाल सिंह सहित पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनता से समस्याएं लेकर समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया।