
PARDARSHI VIKASH NEWS चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को लेकर गंभीर चिंता जताई है। बीजिंग में रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin के साथ बैठक के दौरान जिनपिंग ने कहा कि अगर मौजूदा संघर्ष नहीं रुका तो दुनिया “जंगलराज” की ओर बढ़ सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि लंबे समय तक चलने वाले युद्ध और एकतरफा सैन्य कार्रवाइयों से अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और वैश्विक स्थिरता को बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में हुई इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने वैश्विक सुरक्षा, ऊर्जा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की। पुतिन के स्वागत में रेड कार्पेट बिछाया गया और सैन्य बैंड ने दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस और चीन इस दौरे के दौरान करीब 40 समझौतों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं, जिनमें ऊर्जा, पर्यटन, शिक्षा और व्यापार से जुड़े समझौते शामिल हैं।यूक्रेन युद्ध के बाद यूरोप में रूस की गैस बिक्री घटने से चीन उसके लिए सबसे अहम ऊर्जा साझेदार बनकर उभरा है। इसी बीच ‘पावर ऑफ साइबेरिया-2’ गैस पाइपलाइन परियोजना पर भी दोनों देशों के बीच चर्चा होने की संभावना है। इस पाइपलाइन के जरिए रूस से चीन तक बड़ी मात्रा में प्राकृतिक गैस पहुंचाई जाएगी।पुतिन ने चीन रवाना होने से पहले कहा कि रूस और चीन के रिश्ते “अभूतपूर्व स्तर” पर पहुंच चुके हैं। दोनों देश खुद को बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के समर्थक बताते रहे हैं और अमेरिका के प्रभाव के मुकाबले साझा रणनीतिक सहयोग को मजबूत कर रहे हैं।