news-details

मेडिकल कॉलेज जाने वाला मार्ग जर्जर, 10 फीट गड्ढों के बीच जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Ayodhya

झलकारी बाई वार्ड में राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। करीब 200 मीटर लंबा यह रास्ता पूरी तरह जर्जर हो चुका है और सड़क के दोनों ओर लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में राहगीर, मरीज और स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।

यह मार्ग दर्शन नगर के भरत कुंड रोड से अष्टभुजी माता मंदिर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय, संभागीय प्रशिक्षण केंद्र तथा मेडिकल कॉलेज को जोड़ता है। मेडिकल कॉलेज की दूरी यहां से महज 200 मीटर है, इसके बावजूद सड़क की हालत बेहद खराब है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक दशक पहले ईंट भट्ठों के लिए सड़क किनारे मिट्टी की खुदाई कर ली गई थी। इसके बाद मार्ग के दोनों ओर गहरे गड्ढे बन गए, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश और समय के साथ रास्ता और खतरनाक हो गया है।

ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम व संबंधित विभागों पर अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छोटे वाहनों, बाइक सवारों और पैदल यात्रियों के लिए यह मार्ग हादसों का कारण बन सकता है।

अपर नगर आयुक्त नागेंद्र प्रसाद ने बताया कि कई सड़कों के प्रस्ताव बजट स्वीकृति के इंतजार में हैं। धन आवंटन मिलते ही इस मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता पर कराया जाएगा।