
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग अंदर फंस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर चल रही लाइब्रेरी और कोचिंग में कई छात्र मौजूद थे। आग फैलने के बाद कुछ छात्रों ने खुद को बचाने के लिए बाथरूम में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। वहीं एक युवक ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी, लेकिन वह नीचे लगी ग्रिल पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने का काम शुरू किया। राहत और बचाव कार्य में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी लगाया गया। बिल्डिंग की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में एंबुलेंस लगाई गईं। रेस्क्यू टीम लगातार बिल्डिंग के अंदर फंसे लोगों की तलाश करती रही।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैल गई और पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कुछ लोगों ने बताया कि अचानक धुआं फैलने से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, जिसके कारण बचाव कार्य में भी परेशानी आई।बताया गया कि बिल्डिंग के निचले हिस्से में दुकानें और क्लीनिक संचालित थे, जबकि ऊपर की मंजिलों पर कोचिंग, लाइब्रेरी और अन्य काम चल रहे थे। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और बिल्डिंग में फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।