
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-ई इलाके में बृहस्पतिवार रात एक अधिवक्ता शैलेंद्र प्रताप सिंह (40) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली चलाई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मृतक की बहन शालिनी सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे में शैलेंद्र का शव खून से लथपथ हालत में मिला और पास ही उनकी पिस्टल भी बरामद हुई।परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर में सभी लोग मौजूद थे और गोली चलने की आवाज सुनकर वे कमरे में पहुंचे, जहां शैलेंद्र मृत अवस्था में पाए गए। बताया गया है कि उनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी, लेकिन उनके कोई संतान नहीं थी।फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि उनका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों व करीबियों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।