news-details

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन, मंगलवार सुबह 8 बजे से आम जनता के लिए होगा शुरू

You can share this post!

 

pardarshi vikas news 
उन्नाव।
उत्तर प्रदेश को सोमवार को आधुनिक सड़क अवसंरचना की बड़ी सौगात मिली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद साक्षी महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद सभी नेता एक्सप्रेस-वे के रास्ते सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना हुए।करीब 4700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 63 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मंगलवार सुबह 8 बजे से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा का समय ढाई से तीन घंटे से घटकर करीब 40 मिनट रह जाएगा।यह देश का पहला बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे है। यहां पारंपरिक टोल प्लाजा की जगह ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और फास्टैग रीडर लगाए गए हैं, जो वाहन को बिना रोके स्वतः टोल काटेंगे। एक्सप्रेस-वे पर अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से वाहन चल सकेंगे, जबकि दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। सड़क सुरक्षा के लिए एआई आधारित कैमरे भी लगाए गए हैं, जो किसी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कंट्रोल रूम को सूचना भेजेंगे।

एक्सप्रेस-वे पर यात्रा करने के लिए कार चालकों को 275 रुपये टोल देना होगा, जबकि पहले लखनऊ से कानपुर तक सफर में करीब 95 रुपये टोल लगता था। हालांकि यात्रियों का मानना है कि कम समय और ईंधन की बचत से अतिरिक्त टोल की भरपाई हो सकेगी, वहीं कुछ लोगों ने नियमित यात्रियों के लिए रियायती पास या टोल में राहत देने की मांग भी उठाई है।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लगभग 4,850 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इनमें 63 किलोमीटर लंबा कानपुर-लखनऊ 6 लेन एक्सप्रेस-वे, हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के 32 किलोमीटर लंबे फोरलेन निर्माण कार्य तथा इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर एक किलोमीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि बेहतर सड़कें विकास की गति को नई दिशा देती हैं और केंद्र सरकार ने देशभर में सड़क नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार किया है। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब लखनऊ और कानपुर के बीच आवागमन पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक होगा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रदेश में सड़क नेटवर्क के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।गौरतलब है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास 5 जनवरी 2022 को किया गया था और लगभग 1650 दिनों में इसका निर्माण पूरा हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से लखनऊ, कानपुर और उन्नाव के बीच औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, साथ ही क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।