
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। इको गार्डन में शुक्रवार को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे करीब छह हजार छात्रों और अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और करीब 40 मिनट तक मौजूद रहकर छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि देश में बड़े बदलाव हमेशा आंदोलनों के जरिए आए हैं और लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने पेपर लीक मामलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि लेखपाल, यूपीएसआई, नीट और अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ी के जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। दीपके ने 20 जून को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का भी आह्वान किया।सुबह से ही इको गार्डन में बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी जुटने लगे थे। प्रदर्शन के दौरान "पेपर लीक बंद करो" और "UPSI स्कोर कार्ड जारी करो" जैसे नारे लगाए गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए RAF, PAC और स्थानीय पुलिस के लगभग 1500 जवान तैनात किए गए थे। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने मंच से राजनीतिक हस्तक्षेप का विरोध भी किया और कहा कि उनका आंदोलन केवल भर्ती और परीक्षा संबंधी मुद्दों तक सीमित है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जबकि छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की।