
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। लायन्स क्लब वाराणसी सिटी का 37वां अधिष्ठापन समारोह मडुआडीह स्थित होटल ब्लिस बनारस में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में लायन आशीष केशरी ने क्लब के नए अध्यक्ष के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगान और कुमारी त्रिशा गुप्ता की ईश वंदना से हुआ।निवर्तमान अध्यक्ष लायन वी. कृष्ण कुमार एवं नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन आशीष केशरी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर क्लब के चार्टर सदस्य लायन दीपक अग्रवाल, लायन वी. कृष्ण कुमार और लायन आनंद नारायण कपूर का विशेष सम्मान किया गया। सचिव लायन शिवशंकर कपूर ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक सचिव रिपोर्ट प्रस्तुत की।मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष लायन उदय चांदनी ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब के सेवा कार्यों की सराहना की। अधिष्ठापन अधिकारी लायन हरेंद्र नारायण सिंह ने अध्यक्ष आशीष केशरी, सचिव हर्ष टंडन, कोषाध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता सहित नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं, उपमंडलाध्यक्ष प्रथम उमेश चंद्र कक्कड़ ने नए सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई।पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष आशीष केशरी ने कहा कि उनकी टीम स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करेगी तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी। समारोह में पूर्व मंडलाध्यक्ष मुकुंद लाल टंडन ने अंतरराष्ट्रीय एवं मल्टीपल स्तर पर प्राप्त सम्मान क्लब सदस्यों को प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव और एडवोकेट अनिल कुमार टंडन ने संयुक्त रूप से किया।