
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। शहीद पथ स्थित लुलु मॉल के पास जल्द ही 100 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा आधुनिक स्काई वॉक (फुट ओवरब्रिज) बनाया जाएगा। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को एलडीए ने मंजूरी दे दी है। परियोजना का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर किया जाएगा और इसका पूरा खर्च निजी कंपनी वहन करेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्तुतीकरण के बाद निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई। यह स्काई वॉक शहीद पथ जैसे व्यस्त मार्ग पर पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देगा। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीढ़ियों के साथ लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी। परियोजना के तहत ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जहां कियोस्क, सार्वजनिक सुविधाएं, शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके अलावा विभिन्न तल पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान विकसित किया जाएगा तथा रूफटॉप पर ओपन एयर रेस्टोरेंट और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना भी है। स्काई वॉक को भूकंपरोधी तकनीक से तैयार किया जाएगा और इसमें सीसीटीवी कैमरे, एंटी-स्किड फ्लोरिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपकरण, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एलडीए के अनुसार निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा ताकि यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और आवश्यक होने पर ट्रैफिक प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।