
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा में आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को लाल गमछा दिखाकर रोकने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को आरपीएफ ने पकड़ लिया। ट्रेन चालक ने गमछे को खतरे का संकेत समझते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। जांच में पकड़ा गया व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।आरपीएफ के अनुसार मंगलवार को ट्रेन संख्या 12180 आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस इटावा-सरायभूपत रेलखंड से गुजर रही थी। इसी दौरान किलोमीटर संख्या 1163/32 के पास चालक ने रेलवे लाइन के किनारे खड़े एक व्यक्ति को लाल गमछा घुमाते हुए देखा। खतरे का संकेत समझकर चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी।ट्रेन रुकते ही आरपीएफ एस्कॉर्ट टीम मौके पर पहुंची और गमछा दिखाने वाले व्यक्ति को पकड़कर आरपीएफ पोस्ट इटावा ले आई। पूछताछ में उसकी पहचान शम्भु सिंह (52) निवासी ग्राम रमी का वर, चकरनगर रोड, थाना बढ़पुरा क्षेत्र के रूप में हुई।आरपीएफ ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि शम्भु सिंह मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। इसके बाद आरपीएफ ने उसे चिकित्सकीय जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक के आसपास इस तरह की गतिविधियां गंभीर होती हैं। ट्रेन संचालन में बाधा डालने वाली कोई भी हरकत यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।