
मौके पर नहीं जा रहे नायब तहसीलदार
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी। बालीपुर डुडिया में जमीन के विवाद और दबंगई से अवैध निर्माण के एक मामले का निस्तारण दस दिन में भी नहीं हो पाया है। तहसील में तैनात एक लेखपाल द्वारा अपने ही परिवार के एक व्यक्ति के मकान और जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है।डी एम के आदेश के बाद भी नायब तहसीलदार मौके पर नहीं गये। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार की है। शिवपूजन तिवारी पुत्र राम यश तिवारी ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि उसके पिता ने अपने जीवन काल में ही पांच भाइयों का हिस्सा बांट दिया था। अपने हिस्से की जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण करके वह रोजी रोटी के लिए मुम्बई में सपरिवार रहता है। परिवार के ही विकास तिवारी तहसील अमेठी में लेखपाल के पद पर तैनात हैं।नायब तहसीलदार, तहसीलदार और अन्य राजस्व कर्मियों की मिली भगत से वे उसके हिस्से की जमीन की बाउंड्री वॉल को तोड़कर जबरन कब्जा कर रहे हैं। विकास तिवारी परिवार के ही चंद्रभूषण तिवारी के हिस्से की जमीन पर भी अवैध निर्माण कर चुके हैं। पीड़ित चन्द्र भूषण तिवारी और शिवपूजन तिवारी ने बताया कि लेखपाल की बेईमानी और दबंगई पर पूरी तहसील मौन है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार और नायब तहसीलदार एक पक्ष से प्रभावित हैं और पीड़ित की ओर से बार बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद दूसरी टीम भेजकर पैमाइश नहीं करा रहे। विकास तिवारी अपने घर के पास आबादी की जमीन के साथ चारागाह और इमारती लकड़ी के जंगल खाते की जमीनों पर अवैध कब्जा करने की कोशिश में हैं। क्षेत्रीय लेखपाल ,कानूनगो,नायब तहसीलदार और तहसीलदार निष्पक्ष कार्रवाई के बजाय लेखपाल की मदद में लगे हुए हैं । तहसीलदार नम्रता मिश्रा ने कहा कि हमने जो टीम भेजी थी, उसने सही पैमाइश की है। दुबारा कोई आदेश हमें प्राप्त नहीं हुआ। आबादी का प्रकरण सिविल कोर्ट से सम्बंधित है। ग्राम समाज के खाते की जमीनों पर कोई निर्माण नहीं किया गया है।