
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपालों का अतिरिक्त क्षेत्र के कार्य का बहिष्कार जारी है। अमेठी में एक सप्ताह से चल रहे कार्य बहिष्कार के कारण आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के हजारों आवेदन पोर्टल पर लंबित हैं। लेखपालों की रिपोर्ट नहीं लगने से प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। इससे खासकर उन अभ्यर्थियों को परेशानी हो रही है, जिनकी प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक है। जानकारी के अनुसार, अपनी मांगों पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के लिए लेखपाल अतिरिक्त क्षेत्र का काम नहीं कर रहे हैं। करीब 40 लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्र का कार्यभार छोड़ दिया है। इसके चलते प्रमाण पत्रों के आवेदनों पर रिपोर्ट लगाने के साथ आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण का काम भी प्रभावित हो रहा है।मामले में तहसीलदार से जानकारी लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। एसडीएम पंकज मिश्रा ने कहा कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। कार्य बहिष्कार के चलते प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन करने वाले लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है।